चक्रवाती तूफान ताउते से मुंबई में भारी तबाही


 
चक्रवाती तूफान ताउते (Cyclone Tauktae Live Updates) के गुजरात की ओर बढ़ने के बीच सोमवार को मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में बहुत तेज हवाएं और भारी बारिश हुई। तूफान के सामने जो कुछ भी आया, वह उसे अपनी चपेट में लेता गया। चक्रवाती तूफान की वजह से कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, जबकि लोकल ट्रेनों की सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। इससे पहले, रविवार को केरल, कर्नाटक और गोवा में भी ताउते ने अच्छी-खासी तबाही मचाई थी और छह लोगों की जान भी चली गई थी। हालांकि, ताउते से निपटने के लिए राज्यों की पुलिस, एनडीआरएफ, सरकार पूरी तरह से तैयार है।

लाइव हिन्दुस्तान के अनुसार कोरोनाकाल होने के चलते इस बार केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कई दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। मंत्रालय ने कोविड अस्पतालों और ऑक्सीजन प्लांट्स पर विशेष नजर रखने के लिए कहा है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को चक्रवात ताउते के कारण तटीय राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा के मुख्यमंत्रियों के अलावा दमन और दीव के उपराज्यपाल से चर्चा की और ताजा स्थिति की जानकारी ली।

 

जहां-तहां सड़कों पर गिरे पेड़

मुंबई में जहां-तहां सड़कों पर पेड़ गिरे हुए हैं। इसकी वजह से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। प्रशासन पेड़ों को काटकर सड़कों से हटाने में जुट गया है। महामारी की वजह से सड़कों पर एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं की आवाजाही अधिक है और ऐसे में चुनौती जल्दी से जल्दी रास्तों से बाधा मुक्त करना है।ताउते तूफान और भारी बारिश की वजह से मुंबई एयरपोर्ट को रात 10 बजे तक बंद रखा जाएगा

 


सड़कों पर जलजमाव

भारी बारिश की वजह से मुंबई में सड़कों पर जलजमाव की वजह से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। कोरोना महामारी को लेकर लागू लॉकडाउन की वजह से सड़कों पर गाड़ियां कम हैं, लेकिन जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

मुंबई में सैकड़ों पेड़ उखड़े

मुंबई में ताउते तूफान तबाही का मंजर छोड़ आगे बढ़ चुका है। देश की आर्थिक राजधानी में सैकड़ों पेड़ उखड़ गए हैं। कई जगह पेड़ गाड़ियों पर गिर पड़े।

 


 

महाराष्ट्र में 6 की मौत, 9 घायल: CMO

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री दफ्तर ने कहा, ''चक्रवाती तूफान ताउते की वजह से 6 लोगों की मौत हो गई तो 9 घायल हैं। 4 जानवरों की भी मौत हुई है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने नुकसान का जायजा लिया है और राहत व बाचव कार्यों को तेजी से करने का आदेश दिया है।''

ताउते से निपटने को तैयारी

दीव की कलेक्टर सलोनी राय ने कहा- ताउते तूफान 8 बजे के बाद तट से टकराएगा और इसकी रफ्तार 150-160 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। हमने लोगों को कच्चे घरों से निकाला है। 1200 लोगों को शिफ्ट किया गया है। कोविड हॉस्पिटलों में पावर पैकअप की व्यवस्था की गई है। एनडीआरएफ की 2 टीमें लगाई गई हैं। 2 टीम भारतीय सेना की भी आएगी।

गुजरात की ओर तेजी से बढ़ रहा है ताउते

चक्रवाती तूफान मुंबई में भारी तबाही मचाने के बाद गुजरात की ओर बढ़ चुका है। रात करीब 10 बजे यह गुजरात के बेरावल में तट से टकरा सकता है। तट से कटराते समय इसकी रफ्तार करीब 175 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है।